Sant Seva ParishadSant Seva ParishadSSP · sant seva

Kabir Dohas (Granthavali + Dohavali) · Chapter 24

Kavita Kosh दोहावली — पृष्ठ ७

कबीर दोहावली / पृष्ठ ७

101 verses

📖 Book View
  1. निबैंरी निहकामता, स्वामी सेती नेह । विषया सो न्यारा रहे, साधुन का मत येह ॥

  2. मानपमान न चित धरै, औरन को सनमान । जो कोर्ठ आशा करै, उपदेशै तेहि ज्ञान ॥

  3. और देव नहिं चित्त बसै, मन गुरु चरण बसाय । स्वल्पाहार भोजन करूँ, तृष्णा दूर पराय ॥

  4. जौन चाल संसार की जौ साधु को नाहिं । डिंभ चाल करनी करे, साधु कहो मत ताहिं ॥

  5. इन्द्रिय मन निग्रह करन, हिरदा कोमल होय । सदा शुद्ध आचरण में, रह विचार में सोय ॥

  6. शीलवन्त दृढ़ ज्ञान मत, अति उदार चित होय । लज्जावान अति निछलता, कोमल हिरदा सोय ॥

  7. कोई आवै भाव ले, कोई अभाव लै आव । साधु दोऊ को पोषते, भाव न गिनै अभाव ॥

  8. सन्त न छाड़ै सन्तता, कोटिक मिलै असंत । मलय भुवंगय बेधिया, शीतलता न तजन्त ॥

  9. कमल पत्र हैं साधु जन, बसैं जगत के माहिं । बालक केरि धाय ज्यों, अपना जानत नाहिं ॥

  10. बहता पानी निरमला, बन्दा गन्दा होय । साधू जन रमा भला, दाग न लागै कोय ॥

  11. बँधा पानी निरमला, जो टूक गहिरा होय । साधु जन बैठा भला, जो कुछ साधन होय ॥

  12. एक छाड़ि पय को गहैं, ज्यों रे गऊ का बच्छ । अवगुण छाड़ै गुण गहै, ऐसा साधु लच्छ ॥

  13. जौन भाव उपर रहै, भितर बसावै सोय । भीतर और न बसावई, ऊपर और न होय ॥

  14. उड़गण और सुधाकरा, बसत नीर के संग । यों साधू संसार में, कबीर फड़त न फंद ॥

  15. तन में शीतल शब्द है, बोले वचन रसाल । कहैं कबीर ता साधु को, गंजि सकै न काल ॥

  16. तूटै बरत आकाश सौं, कौन सकत है झेल । साधु सती और सूर का, अनी ऊपर का खेल ॥

  17. ढोल दमामा गड़झड़ी, सहनाई और तूर । तीनों निकसि न बाहुरैं, साधु सती औ सूर ॥

  18. आज काल के लोग हैं, मिलि कै बिछुरी जाहिं । लाहा कारण आपने, सौगन्ध राम कि खाहिं ॥

  19. जुवा चोरी मुखबिरी, ब्याज बिरानी नारि । जो चाहै दीदार को, इतनी वस्तु निवारि ॥

  20. कबीर मेरा कोइ नहीं, हम काहू के नाहिं । पारै पहुँची नाव ज्यों, मिलि कै बिछुरी जाहिं ॥

  21. सन्त समागम परम सुख, जान अल्प सुख और । मान सरोवर हंस है, बगुला ठौरे ठौर ॥

  22. सन्त मिले सुख ऊपजै दुष्ट मिले दुख होय । सेवा कीजै साधु की, जन्म कृतारथ होय ॥

  23. संगत कीजै साधु की कभी न निष्फल होय । लोहा पारस परस ते, सो भी कंचन होय ॥

  24. मान नहीं अपमान नहीं, ऐसे शीतल सन्त । भव सागर से पार हैं, तोरे जम के दन्त ॥

  25. दया गरीबी बन्दगी, समता शील सुभाव । येते लक्षण साधु के, कहैं कबीर सतभाव ॥

  26. सो दिन गया इकारथे, संगत भई न सन्त । ज्ञान बिना पशु जीवना, भक्ति बिना भटकन्त ॥

  27. आशा तजि माया तजै, मोह तजै अरू मान । हरष शोक निन्दा तजै, कहैं कबीर सन्त जान ॥

  28. आसन तो इकान्त करैं, कामिनी संगत दूर । शीतल सन्त शिरोमनी, उनका ऐसा नूर ॥

  29. यह कलियुग आयो अबै, साधु न जाने कोय । कामी क्रोधी मस्खरा, तिनकी पूजा होय ॥

  30. कुलवन्ता कोटिक मिले, पण्डित कोटि पचीस । सुपच भक्त की पनहि में, तुलै न काहू शीश ॥

  31. साधु दरशन महाफल, कोटि यज्ञ फल लेह । इक मन्दिर को का पड़ी, नगर शुद्ध करिलेह ॥

  32. साधु दरश को जाइये, जेता धरिये पाँय । डग-डग पे असमेध जग, है कबीर समुझाय ॥

  33. सन्त मता गजराज का, चालै बन्धन छोड़ । जग कुत्ता पीछे फिरैं, सुनै न वाको सोर ॥

  34. आज काल दिन पाँच में, बरस पाँच जुग पंच । जब तब साधू तारसी, और सकल पर पंच ॥

  35. साधु ऐसा चाहिए, जहाँ रहै तहँ गैब । बानी के बिस्तार में, ताकूँ कोटिक ऐब ॥

  36. सन्त होत हैं, हेत के, हेतु तहाँ चलि जाय । कहैं कबीर के हेत बिन, गरज कहाँ पतियाय ॥

  37. हेत बिना आवै नहीं, हेत तहाँ चलि जाय । कबीर जल और सन्तजन, नवैं तहाँ ठहराय ॥

  38. साधु-ऐसा चाहिए, जाका पूरा मंग । विपत्ति पड़े छाड़ै नहीं, चढ़े चौगुना रंग ॥

  39. सन्त सेव गुरु बन्दगी, गुरु सुमिरन वैराग । ये ता तबही पाइये, पूरन मस्तक भाग ॥

  40. चाल बकुल की चलत हैं, बहुरि कहावै हंस । ते मुक्ता कैसे चुंगे, पड़े काल के फंस ॥

  41. बाना पहिरे सिंह का, चलै भेड़ की चाल । बोली बोले सियार की, कुत्ता खवै फाल ॥

  42. साधु भया तो क्या भया, माला पहिरी चार । बाहर भेष बनाइया, भीतर भरी भंगार ॥

  43. तन को जोगी सब करै, मन को करै न कोय । सहजै सब सिधि पाइये, जो मन जोगी होय ॥

  44. जौ मानुष गृह धर्म युत, राखै शील विचार । गुरुमुख बानी साधु संग, मन वच, सेवा सार ॥

  45. शब्द विचारे पथ चलै, ज्ञान गली दे पाँव । क्या रमता क्या बैठता, क्या गृह कंदला छाँव ॥

  46. गिरही सुवै साधु को, भाव भक्ति आनन्द । कहैं कबीर बैरागी को, निरबानी निरदुन्द ॥

  47. पाँच सात सुमता भरी, गुरु सेवा चित लाय । तब गुरु आज्ञा लेय के, रहे देशान्तर जाय ॥

  48. गुरु के सनमुख जो रहै, सहै कसौटी दुख । कहैं कबीर तो दुख पर वारों, कोटिक सूख ॥

  49. मन मैला तन ऊजरा, बगुला कपटी अंग । तासों तो कौवा भला, तन मन एकहि रंग ॥

  50. भेष देख मत भूलिये, बूझि लीजिये ज्ञान । बिना कसौटी होत नहीं, कंचन की पहिचान ॥

  51. कवि तो कोटि-कोटि हैं, सिर के मुड़े कोट । मन के कूड़े देखि करि, ता संग लीजै ओट ॥

  52. बोली ठोली मस्खरी, हँसी खेल हराम । मद माया और इस्तरी, नहिं सन्तन के काम ॥

  53. फाली फूली गाडरी, ओढ़ि सिंह की खाल । साँच सिंह जब आ मिले, गाडर कौन हवाल ॥

  54. धारा तो दोनों भली, बिरही के बैराग । गिरही दासातन करे बैरागी अनुराग ॥

  55. घर में रहै तो भक्ति करूँ, ना तरू करू बैराग । बैरागी बन्ध करै, ताका बड़ा अभाग ॥

  56. उदर समाता माँगि ले, ताको नाहिं दोष । कहैं कबीर अधिका गहै, ताकि गति न मोष ॥

  57. अजहूँ तेरा सब मिटैं, जो मानै गुरु सीख । जब लग तू घर में रहै, मति कहुँ माँगे भीख ॥

  58. माँगन गै सो भर रहै, भरे जु माँगन जाहिं । तिनते पहिले वे मरे, होत करत है नाहिं ॥

  59. माँगन-मरण समान है, तोहि दई मैं सीख । कहैं कबीर समझाय के, मति कोई माँगे भीख ॥

  60. उदर समाता अन्न ले, तनहिं समाता चीर । अधिकहिं संग्रह ना करै, तिसका नाम फकीर ॥

  61. आब गया आदर गया, नैनन गया सनेह । यह तीनों तब ही गये, जबहिं कहा कुछ देह ॥

  62. सहत मिलै सो दूध है, माँगि मिलै सा पानि । कहैं कबीर वह रक्त है, जामें एंचातानि ॥

  63. अनमाँगा उत्तम कहा, मध्यम माँगि जो लेय । कहैं कबीर निकृष्टि सो, पर धर धरना देय ॥

  64. अनमाँगा तो अति भला, माँगि लिया नहिं दोष । उदर समाता माँगि ले, निश्च्य पावै योष ॥

  65. कबीरा संगत साधु की, नित प्रति कीर्ज जाय । दुरमति दूर बहावसी, देशी सुमति बताय ॥

  66. एक घड़ी आधी घड़ी, आधी में पुनि आध । कबीर संगत साधु की, करै कोटि अपराध ॥

  67. कबिरा संगति साधु की, जो करि जाने कोय । सकल बिरछ चन्दन भये, बांस न चन्दन होय ॥

  68. मन दिया कहुँ और ही, तन साधुन के संग । कहैं कबीर कोरी गजी, कैसे लागै रंग ॥

  69. साधुन के सतसंग से, थर-थर काँपे देह । कबहुँ भाव कुभाव ते, जनि मिटि जाय सनेह ॥

  70. साखी शब्द बहुतै सुना, मिटा न मन का दाग । संगति सो सुधरा नहीं, ताका बड़ा अभाग ॥

  71. साध संग अन्तर पड़े, यह मति कबहु न होय । कहैं कबीर तिहु लोक में, सुखी न देखा कोय ॥

  72. गिरिये परबत सिखर ते, परिये धरिन मंझार । मूरख मित्र न कीजिये, बूड़ो काली धार ॥

  73. संत कबीर गुरु के देश में, बसि जावै जो कोय । कागा ते हंसा बनै, जाति बरन कुछ खोय ॥

  74. भुवंगम बास न बेधई, चन्दन दोष न लाय । सब अंग तो विष सों भरा, अमृत कहाँ समाय ॥

  75. तोहि पीर जो प्रेम की, पाका सेती खेल । काची सरसों पेरिकै, खरी भया न तेल ॥

  76. काचा सेती मति मिलै, पाका सेती बान । काचा सेती मिलत ही, है तन धन की हान ॥

  77. कोयला भी हो ऊजला, जरि बरि है जो सेव । मूरख होय न ऊजला, ज्यों कालर का खेत ॥

  78. मूरख को समुझावते, ज्ञान गाँठि का जाय । कोयला होय न ऊजला, सौ मन साबुन लाय ॥

  79. ज्ञानी को ज्ञानी मिलै, रस की लूटम लूट । ज्ञानी को आनी मिलै, हौवै माथा कूट ॥

  80. साखी शब्द बहुतक सुना, मिटा न मन क मोह । पारस तक पहुँचा नहीं, रहा लोह का लोह ॥

  81. ब्राह्मण केरी बेटिया, मांस शराब न खाय । संगति भई कलाल की, मद बिना रहा न जाए ॥

  82. जीवन जीवन रात मद, अविचल रहै न कोय । जु दिन जाय सत्संग में, जीवन का फल सोय ॥

  83. दाग जु लागा नील का, सौ मन साबुन धोय । कोटि जतन परमोधिये, कागा हंस न होय ॥

  84. जो छोड़े तो आँधरा, खाये तो मरि जाय । ऐसे संग छछून्दरी, दोऊ भाँति पछिताय ॥

  85. प्रीति कर सुख लेने को, सो सुख गया हिराय । जैसे पाइ छछून्दरी, पकड़ि साँप पछिताय ॥

  86. कबीर विषधर बहु मिले, मणिधर मिला न कोय । विषधर को मणिधर मिले, विष तजि अमृत होय ॥

  87. सज्जन सों सज्जन मिले, होवे दो दो बात । गहदा सो गहदा मिले, खावे दो दो लात ॥

  88. तरुवर जड़ से काटिया, जबै सम्हारो जहाज । तारै पर बोरे नहीं, बाँह गहे की लाज ॥

  89. मैं सोचों हित जानिके, कठिन भयो है काठ । ओछी संगत नीच की सरि पर पाड़ी बाट ॥

  90. लकड़ी जल डूबै नहीं, कहो कहाँ की प्रीति । अपनी सीची जानि के, यही बड़ने की रीति ॥

  91. साधू संगत परिहरै, करै विषय का संग । कूप खनी जल बावरे, त्याग दिया जल गंग ॥

  92. संगति ऐसी कीजिये, सरसा नर सो संग । लर-लर लोई हेत है, तऊ न छौड़ रंग ॥

  93. तेल तिली सौ ऊपजै, सदा तेल को तेल । संगति को बेरो भयो, ताते नाम फुलेल ॥

  94. साधु संग गुरु भक्ति अरू, बढ़त बढ़त बढ़ि जाय । ओछी संगत खर शब्द रू, घटत-घटत घटि जाय ॥

  95. संगत कीजै साधु की, होवे दिन-दिन हेत । साकुट काली कामली, धोते होय न सेत ॥

  96. चर्चा करूँ तब चौहटे, ज्ञान करो तब दोय । ध्यान धरो तब एकिला, और न दूजा कोय ॥

  97. सन्त सुरसरी गंगा जल, आनि पखारा अंग । मैले से निरमल भये, साधू जन को संग ॥

  98. सतगुरु शब्द उलंघ के, जो सेवक कहूँ जाय । जहाँ जाय तहँ काल है, कहैं कबीर समझाय ॥

  99. तू तू करूं तो निकट है, दुर-दुर करू हो जाय । जों गुरु राखै त्यों रहै, जो देवै सो खाय ॥

  100. दया हृदय में राखिये तूं क्यों निरदय होय। सांई के सब जीव हैं कीरी कुंजर दोय ॥

  101. भाव भाव में सिद्धि है भाव भाव में भेद । जो मानो तो देव है नहीं तो भींत क लेव ॥ अगला भाग >>